Breaking News
तीर्थ यात्रा से लौटते वक्त हुआ सड़क हादसा, बुजुर्ग महिला की मौत, चार घायल

धार्मिक स्थलों के दर्शन कर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के रसुना गांव निवासी पारस सिंह का परिवार आगरा, अयोध्या, मथुरा, वृंदावन, जयपुर और विंध्याचल की यात्रा पूरी कर वापस लौट रहा था।तभी सासाराम के समीप उनकी कार को पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतना जोरदार था कि कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पारस सिंह की पत्नी राबड़ी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं पुत्र मुकेश कुमार, पुत्रवधू रीना देवी, पोती सुहानी कुमारी और चालक संतोष कुमार भी जख्मी हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सासाराम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान राबड़ी देवी की मौत हो गई।वहीं अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए गया भेजा गया।

रविवार को शव गांव पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। मृतक राबड़ी देवी का अंतिम संस्कार गया के विष्णुपद श्मशान घाट में किया गया।

कैमरा बंद, बालू चालू! खिजरसराय के केनी घाट पर अवैध खनन का खेल बेखौफ

गया जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र स्थित केनी घाट से कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन और परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिदिन सुबह के समय केनी घाट से दर्जनों ट्रैक्टरों पर बालू लादकर विभिन्न क्षेत्रों में भेजा जाता है, लेकिन इसे रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बालू से लदे ट्रैक्टर खुलेआम सड़कों पर दौड़ते हैं, जिससे न केवल राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है बल्कि सड़क सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।बताया कि पुल के समीप निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। लोगों का दावा है कि जिस समय अवैध बालू का परिवहन होता है, उस दौरान कैमरा बंद कर दिया जाता है। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इससे स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं और सवाल उठने लगे हैं।

राजस्थान भागे प्रेमी युगल की गांव वापसी पर हुई शादी, सूर्य मंदिर बना प्यार का गवाह

गया जिले के कोंच प्रखंड क्षेत्र के निमनाही सूर्य मंदिर में एक प्रेमी युगल का विवाह दोनों परिवारों की सहमति से संपन्न कराया गया। लंबे समय से प्रेम संबंध में रहे युवक-युवती के घर से चले जाने के बाद शुरू हुआ पारिवारिक विवाद आखिरकार रिश्ते की स्वीकृति और शादी के साथ खत्म हो गया।
कर्मा गांव निवासी काजल कुमारी और सिंघड़ा मठिया गांव निवासी कुंदन कुमार के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। करीब एक सप्ताह पहले दोनों घर छोड़कर राजस्थान चले गए थे। समझौता के बाद युवक-युवती को वापस गांव बुलाया गया। दोनों पक्षों ने रिश्ते को स्वीकार करते हुए निमनाही सूर्य मंदिर परिसर में सामाजिक परंपराओं एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया गया।

विवाह समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। शादी के बाद परिजनों ने नवदंपति को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। विवाह के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल देखा गया।

गया के शेष 35 हजार घरों तक एक वर्ष में पहुंचेगा पेयजल : डॉ. प्रेम कुमार

गया नगर विधायक सह बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को गया के सर्किट हाउस सभागार में बुडको के अधिकारियों के साथ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर के सभी घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की प्रगति तथा लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि वर्ष 2018 में 411 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी पेयजल परियोजना का लक्ष्य गया नगर क्षेत्र के एक लाख पांच हजार घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित करना था। वर्तमान में लगभग 71 हजार घरों में नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है, जबकि शेष 35 हजार घरों को योजना से जोड़ने के लिए सर्वेक्षण कार्य जारी है। इसके साथ ही जलमीनारों (पानी टंकियों) की संख्या बढ़ाने एवं अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है।

बुडको अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 135 लीटर पानी की आवश्यकता निर्धारित है, जबकि वर्तमान में औसतन 105 लीटर प्रतिदिन जलापूर्ति की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत अब तक लगभग 580 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। इसमें एचडीपीई पाइप (डायमीटर 110, 150 एवं 250 मिमी) तथा डीआई पाइप (डायमीटर 250, 350, 500, 600 एवं 700 मिमी) का उपयोग किया गया है।

अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शेष छूटे हुए घरों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जा रहा है। डीपीआर स्वीकृत होने के बाद लगभग एक वर्ष के भीतर कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

समीक्षा के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने वार्ड संख्या 6, 7, 8, 10 एवं 11 में पेयजल संकट की समस्या को गंभीरता से उठाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि खरखुरा सब्जी मंडी के पास एक जलमीनार एवं मुरलीहिल पहाड़ी के निकट एक जलमीनार की आवश्यकता बताई गई है।

साथ ही अधिकारियों ने अपील की है कि जिन मोहल्लों में जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं हो रही है उसके निदान के लिए विभाग के हेल्पलाइन नंबर 8409461488 पर कॉल करके अपनी जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं।

राबड़ी आवास मामले पर कहा “चारा घोटाले वाला बिहार नहीं, जागरूक जनता की है सरकार–अरविंद कुमार सिंह

गया में बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह पहुंचे है।इस दौरान शनिवार को राबड़ी देवी के आवास खाली नहीं करने पर कहा कि राबड़ी देवी बिहार के पूर्व सीएम रहे और उनके पति भी पूर्व सीएम रहे है।उनके एक पुत्र भी डिप्टी सीएम रहें है।दुर्भाग्य है इस बिहार का की इतने बड़े बड़े पदों पर रहने वाले सरकारी संपति को हड़पने की बात कर रहे है।यह बंगला किसी को भी मिलता है।सरकारी दायित्व मिलता है।वोट से निर्वाचित होकर संवैधानिक पदों पर जाते है तो जगह अलॉट किया जाता है।अब कोई एसपी कहे कि एसपी क्वार्टर नहीं छोड़ेंगे तो उसे बड़ा मुर्ख कोई है क्या।सरकार और संविधान अपना काम करता है।कब्जा का प्रकिया खत्म हो गया है। चारा घोटाला नहीं है यह बिहार की जागरूक जनता की सरकार है।इस सरकार में किसी की दबंगई नहीं चलने वाला है।कानून अपना काम करेगा जिसको जो ब्यान देना है वह देने दीजिए।राजद के लोगों को अगर समझदारी होता तो इस तरह की बात नहीं करता।राजद परिवारवाद की पार्टी है।एक व्यक्ति की पार्टी है। बाकी सब उसके बंधुआ मजदूर है।खाता न बही जो लालू परिवार कहे वहीं सही।

गया में छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया शिक्षक, पुलिस ने भेजा जेल

गया के आमस में शिक्षा जगत और शिक्षक छात्रा के संबंध को शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आया है।इंटर स्कूल के एक शिक्षक को गांव के लोगों ने रात में नाबालिक छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।ग्रामीणों के द्वारा शिक्षक की इस हरकत के लिए जमकर पिटाई कर दी।जिसके बाद ग्रामीणों ने छात्रा के परिजनों और आमस थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
इस मामले में पीड़ित छात्रा ने शिक्षक के विरुद्ध अवैध संबंध बनाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आरोपित शिक्षक रोहतास जिले के करहगर थाना क्षेत्र के समहुता गांव का रहने वाला है।वह पिछले 10 वर्ष से अधिक समय से हिंदी शिक्षक के पद पर कार्यरत है।

घटनास्थल पर FSL की टीम ने लिए जांच के नमूने
म्यांमार राष्ट्रपति के बोधगया दौरे को लेकर हाई अलर्ट, एयरपोर्ट से महाबोधि मंदिर तक सुरक्षा कड़ी, घोषित हुआ RED ZONE

म्यांमार के राष्ट्रपति के बोधगया आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गया एयरपोर्ट सहित बोधगया के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का सघन निरीक्षण किया गया।सीटी एसपी कोटा किरण कुमार ने गया एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सुरक्षा व्यवस्था पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग और सुरक्षा जांच व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
वहीं डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से बोधगया के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट तथा विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का गहन निरीक्षण किया गया।राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बोधगया और गया शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।डीएम और एसएसपी ने Temporary Red Zone / No Drone Fly Zone घोषित किया गया है।
निर्धारित मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में 30 मई तक ड्रोन उड़ाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बोधगया में ट्रैफिक प्लान बदला गया है।
ज़िला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्धारित निर्देशों का पालन करें।

सेठ छमाछम वाटर पार्क में फटा तिरंगा फहराने पर बवाल, लोगों ने कहा- की जा रही है राष्ट्रध्वज का अपमान

गया जिले के बोधगया प्रखंड थाना क्षेत्र के नीमा गांव स्थित सेठ छमाछम वाटर पार्क में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान का मामला सामने आया है। वाटर पार्क के मुख्य गेट पर वर्षों से फटा और जर्जर तिरंगा फहराया गया है।इसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त तिरंगे को न तो हटाया गया और न ही बदला गया, जो राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।
वाटर पार्क घूमने पहुंचे युवक मुकेश कुमार और अनिकेत कुमार की नजर जब मुख्य गेट पर लगे फटे तिरंगे पर पड़ी तो उन्होंने नाराजगी जताई। युवकों ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक है, लेकिन इस हालत में उसे फहराना बेहद शर्मनाक और आपत्तिजनक है। उन्होंने वाटर पार्क प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मौके पर मौजूद सब्बीर सुल्तान ने भी घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगे के सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए और इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

फहरते राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा 
टिकारी में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, फायरिंग में महिला घायल,पुलिस ने आरोपी को दबोचा

टिकारी:

अस्पताल में भर्ती घायल महिला

गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र के पचमहला गांव में आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।बताया जा रहा है कि मामूली नोक झोक के दौरान गोली चलने की घटना हुआ।घटना के वक्त पूरे गांव में अफरा तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना में अखिलेश शर्मा की पत्नी के हाथ में गोली लग गई।घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

टिकारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है।वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गया में वज्रपात का कहर: भैंस चराने गए दिनेश यादव की हुई मौत,आकाशीय बिजली बनी काल
  • गया जिले डुमरिया प्रखंड के भदवर थाना क्षेत्र के किसुनचक गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। भैंस चराने निकले 32 वर्षीय दिनेश यादव की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया है।
    दिनेश यादव सुबह करीब 7:30 बजे घर से एक किलोमीटर दूर बीजूआ बरवाडीह के हरिईयाटाड़ में भैंस चराने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली, तेज गरज के साथ बारिश शुरू हुई और देखते ही देखते आकाशीय बिजली दिनेश यादव पर गिर गई। बिजली का झटका इतना जबरदस्त था कि वह मौके पर मौत हो गई।
    घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।
    बताया जा रहा है कि दिनेश यादव परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। मजदूरी कर वह पत्नी, दो बेटों और दो बेटियों का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है।