‘ठेकेदारी और रंगदारी से व्यवस्था नहीं बदलती’, गया में कृषि मंत्री विजय सिन्हा का मनोरमा देवी पर तंज
गया में आयोजित इंफ्रा बिल्ट एक्सपो कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में मनोरमा देवी ने मंच से कहा कि ठेकेदारी की वजह से ही आज वह इस मुकाम पर खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि अगर ठेकेदारी नहीं होती तो आज मनोरमा देवी भी खड़ी नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए तन, मन और धन से मजबूत होना जरूरी है।
मनोरमा देवी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ठेकेदारी और रंगदारी से व्यवस्था नहीं बदली जा सकती। व्यवस्था लोगों से सरोकार और ईमानदारी से बदलती है। उन्होंने कहा कि हमलोगों को अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है। हर तरह के व्यापार का सम्मान होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने अपने मंत्री और उपमुख्यमंत्री रहने का भी जिक्र किया। तभी मनोरमा देवी ने बीच में कहा- “मेरे कहने का मतलब वह नहीं था सर।”
कृषि मंत्री ने डेवलपरों से कहा कि पश्चिमी देशों की नकल करने के बजाय स्थानीय प्रकृति और जरूरतों को समझना होगा। भारत की जमीन और प्रकृति को ध्यान में रखकर विकास किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ विकास का तालमेल होने पर ही व्यवस्था सुंदर और टिकाऊ बनेगी।

