Breaking News
BT एक्ट 1949 रद्द करने की मांग को लेकर बौद्ध भिक्षुओं ने किया भूख हड़ताल, आंदोलन के 500 दिन हुआ पूरा

विश्व प्रसिद्ध महाबोधि महाविहार को महाबोधि मंदिर के प्रबंधन से जुड़े बोधगया टेंपल एक्ट (बीटी एक्ट) 1949 को समाप्त कर महाविहार का पूर्ण नियंत्रण बौद्ध समाज को सौंपने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन शुक्रवार को 500वां दिन पूरा हो गया है। इस मौके पर बीटीएमसी गोलंबर पर बौद्ध भिक्षुओं ने एकदिवसीय भूख हड़ताल किया है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आकाश लामा ने कहा कि जिस प्रकार मंदिरों का प्रबंधन हिंदू, मस्जिदों का मुस्लिम और चर्चों का ईसाई समुदाय करता है, उसी प्रकार महाबोधि महाविहार का प्रबंधन भी पूरी तरह बौद्ध समाज को सौंपा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान बीटी एक्ट 1949 के तहत गठित प्रबंधन समिति में बौद्धों का पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं है और यह अधिनियम असंवैधानिक है। इसे निरस्त कर महाविहार का संचालन पूर्ण रूप से बौद्ध समुदाय को दिया जाए। बताया कि यह आंदोलन 12 फरवरी 2025 से लगातार जारी है।वर्ष 2012 में इस मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका।
भूख हड़ताल में देश के विभिन्न राज्यों से आए बौद्ध भिक्षुओं और अनुयायियों ने भाग लिया। वहीं पूरे विश्व में आज भूख हड़ताल किया गया है। मुहर्रम को देखते हुए प्रशासन ने भूख हड़ताल की अनुमति नहीं दी थी, जिसके बाद प्रशासन ने धरनास्थल से भिक्षुओं को हटा दिया। इसके बावजूद आंदोलन जारी रखने की बात कही है कहा कि संघर्ष जारी रहेगा।

“थाना परिसर से ही गायब हुई जब्त बाइक! कोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं मिला वाहन, विधायक ने आईजी से जांच की मांग”

बोधगया यातायात थाना परिसर से जब्त एक मोटरसाइकिल के कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आया है। बिहार विधानसभा में विरोधी दल के मुख्य सचेतक एवं बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत ने इस मामले को गंभीर बताते हुए मगध प्रक्षेत्र के आईजी को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में बताया है कि बोधगया यातायात थाना कांड संख्या 32/24 के तहत जब्त की गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या BR02AU-5066) को 22 नवंबर 2024 को विधिवत जब्ती सूची बनाकर थाना परिसर में रखा गया था। बाद में गया के एसीजेएम-4 कोर्ट ने वाहन को मुक्त करते हुए वाहन स्वामी को सुपुर्द करने का आदेश दिया। इसके बावजूद न्यायालय के आदेश के लगभग आठ महीने बाद भी वाहन मालिक को उसकी बाइक नहीं मिल सकी।

आरोप है कि वाहन स्वामी ने कई बार थाना पहुंचकर अपनी मोटरसाइकिल की मांग की, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया। बाद में बताया गया कि बाइक थाना परिसर में मौजूद नहीं है। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों द्वारा भी वाहन के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दिए जाने से वाहन के थाना परिसर से ही गायब होने की आशंका और गहरा गई है।
विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि यदि पुलिस अभिरक्षा में रखा गया वाहन ही सुरक्षित नहीं है तो यह कानून-व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आईजी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए न्यायालय के आदेश के अनुरूप वाहन मालिक को उसका वाहन उपलब्ध कराने तथा लापरवाही या अनियमि

तता के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

थाना परिसर से जब्त बाइक का गायब होना बोधगया पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ा करता है।आखिर पुलिस अभिरक्षा में बाइक गायब कैसे हो गई।

 

रिपोर्ट:- सुदीप्तो नाग

मुहर्रम को लेकर गया शहर में कब से गायब रहेगी बिजली..? प्रशासन ने जारी किया शटडाउन शेड्यूल

मुहर्रम पर्व-2026 के दौरान ताजिया, अखाड़ा एवं जुलूसों के सुरक्षित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सुरक्षा कारणों से गया शहरी क्षेत्र में निर्धारित समय के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। प्रशासन का कहना है कि यह कदम किसी भी संभावित विद्युत दुर्घटना को रोकने और जुलूस में शामिल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग के निर्देशानुसार 25 जून की रात 12:00 बजे से मुहर्रम जुलूस समाप्त होने तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसके अलावा 26 जून 2026 को शाम 4:00 बजे से जुलूस समाप्त होने तक विद्युत आपूर्ति बाधित रखी जाएगी। इस दौरान ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस जिन मार्गों से गुजरेंगे, वहां विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अंचल अधिकारियों और विद्युत विभाग के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर लटक रहे बिजली तारों की मरम्मत, तकनीकी खामियों को दूर करने तथा आवश्यक सुधार कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया है। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को काफी हद तक रोका जा सकेगा।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रहने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारी पहले से कर लें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी विभाग पूरी तरह मुस्तैद हैं तथा हर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

मुहर्रम पर गया में हाई अलर्ट: 469 स्थानों पर दंडाधिकारी तैनात, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में गया प्रेक्षागृह में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की गई। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिले के 469 संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर 469 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें सदर अनुमंडल में 175, नीमचक बथानी में 57, टिकारी में 62 तथा शेरघाटी अनुमंडल में 175 अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुहर्रम जुलूस केवल प्रशासन द्वारा सत्यापित मार्गों से ही निकाले जाएंगे तथा किसी भी स्थिति में डीजे और हाई डेसिबल लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं होगा।
उन्होंने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने, अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। वहीं नगर निगम को शहर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और फॉगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सिविल सर्जन को जुलूस मार्गों पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि केवल लाइसेंसधारी जुलूसों को ही अनुमति दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन, 100 से अधिक वीडियोग्राफर और 77 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा वॉच टावर, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की भी व्यवस्था की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेगा, जिससे किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को मुहर्रम समाप्त होने तक अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर रहने का निर्देश दिया है।

बोधगया में गूंजेगा भक्ति का स्वर, 1 जुलाई से शुरू होगा 8 दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ

बोधगया प्रखंड के टीकाबीघा स्थित मौसा मोड़ के समीप पंचमुखी हनुमान मंदिर समिति के तत्वावधान में 1 जुलाई से 8 जुलाई तक श्री शनि देव मंदिर, राम दरबार मंदिर एवं शिवलिंग संत नरहरी दास के प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
महायज्ञ के यज्ञाचार्य मंत्रालय रामाचार्य वैदिक पाठशाला, विष्णुपद मार्ग, गयाजी होंगे, जबकि वृंदावन की पूज्य साध्वी डॉ. प्रज्ञा भारती प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत 1 जुलाई को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। 2 जुलाई को मंडप प्रवेश एवं अग्नि प्रकट, 3 जुलाई को वैदिक पाठ आरंभ, 4 जुलाई को प्रतिष्ठान कर्मकांड, 5 जुलाई को हवन, 6 जुलाई को जलाधिवास एवं नगर भ्रमण तथा 7 जुलाई को भगवान की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। 8 जुलाई को शिव चर्चा, महाभंडारा एवं महाप्रसाद वितरण के साथ महायज्ञ का समापन किया जाएगा।

समिति के अनुसार 1 से 7 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा एवं शाम 7 बजे से 9 बजे तक रामलीला का मंचन होगा। श्रद्धालुओं और बच्चों के मनोरंजन के लिए डिज्नीलैंड मेले की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
आयोजन समिति ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

रिपोर्ट:- सुदीप्तो नाग

गया में खटकाचक मोड पर अनियंत्रित कार ने युवक को रौंदा,मौके पर हुआ मौत

गया के विष्णुपद थाना क्षेत्र के खटकाचक मोड पर मंगलवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने एक युवक को रौंद दिया।युवक वहां पर मोमो खा रहा था।तभी अनियंत्रित कार ने रौंद डाला।जिसमे युवक की मौके पर हीं मौत हो गई।मृतक की पहचान रामप्रवेश प्रजापति के रूप में हुई है जो टीवी मैकेनिक का कार्य करता था।टक्कर इतना जबरदस्त था कि युवक को काफी दूर तक घसीटते हुए एक दुकान में जा घुसा।बताया जा रहा है कि मृतक अपनी स्कूटी खड़ा कर मोमो खा था था तभी झारखंड नंबर वेन्यू कार ने जोरदार टक्कर मार दी।जिसमे स्कूटी का परखच्चे उड़ गए।घटना के वक्त अफरातफरी का माहौल हो गया।वहीं कार में बैठे सभी लोग कार छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर दिया।सड़क जाम की सूचना पर विष्णुपद थाना पुलिस और टाउन डीएसपी सरोज कुमार साह मौके पर पहुंचे।काफी आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया।वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।

जयमाला में दूल्हे की हरकत बनी शादी टूटने की वजह, दुल्हन ने कहा- नहीं करूंगी विवाह

गया जिले के बोधगया के एक निजी होटल में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब जयमाला के दौरान दूल्हे के व्यवहार से नाराज दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों को बिना विवाह संपन्न किए ही अपने-अपने घर लौटना पड़ा।

लड़की पक्ष बिहार के आरा और लड़का पक्ष झारखंड के धनबाद का रहने वाला है। सुजाता बायपास रोड स्थित एक निजी होटल में सोमवार रात विवाह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और जयमाला की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे ने अचानक दुल्हन को गोद में उठा लिया। इस हरकत से दुल्हन असहज हो गई और उसने इसका विरोध किया। परिजनों ने भी दूल्हे को मर्यादित व्यवहार करने की सलाह दी।
बताया जाता है कि समझाने पर दूल्हा नाराज हो गया और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हंगामा शुरू हो गया। होटल में मौजूद लोगों और प्रबंधन ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला तथा पुलिस को सूचना दी।

मामला बोधगया थाना पहुंचा,जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दी। दुल्हन ने दूल्हे के व्यवहार को विवाह योग्य नहीं बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। अंततः बिना फेरे और बिना विवाह के ही दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

गुरारू में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बंदौल और क्रांति नगर गांव के बीच लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह शव को देखा और इसकी सूचना गुरारू थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार शव के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य ऐसा सामान नहीं मिला है, जिससे मृतक की पहचान हो सके।

गुरारू थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि बंदौल और क्रांति नगर गांव के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि मृतक की पहचान हो सके और उसके परिजन सामने आ सकें। पहचान होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

नीट यूजी पुनर्परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बनकर बैठा ANMMCH का MBBS छात्र गिरफ्तार, प्रिंसिपल बोलीं- ऐसे छात्रों से कॉलेज की छवि हो रही धूमिल

देशभर में 21 जून रविवार को आयोजित नीट यूजी पुनर्परीक्षा के दौरान बिहार के लखीसराय में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे एक युवक को बायोमेट्रिक जांच के दौरान पकड़ा गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के यादव नगर निवासी अर्पित सिंह के रूप में हुई है, जो गया के ANMMCH में MBBS फाइनल ईयर का छात्र है।
परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक मिलान के दौरान उसकी पहचान को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ। जांच करने पर पता चला कि वह वास्तविक अभ्यर्थी नहीं है, बल्कि किसी अन्य उम्मीदवार के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। छात्र का नाम कॉलेज रिकॉर्ड में अर्पित सिंह के नाम से दर्ज है। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से अपने हॉस्टल से गायब था।

इस मामले पर ANMMCH की प्रिंसिपल डॉ. लता शुक्ला द्विवेदी ने सोमवार को बताया कि उन्हें पहली बार इस मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रशासन छात्र के हॉस्टल तक गया था, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिला। उसके रूममेट से भी पूछताछ की गई, लेकिन उसे छात्र के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
प्रिंसिपल ने कहा कि गिरफ्तार छात्र का मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक दस्तावेज पुलिस, आईबी और जांच एजेंसियों को उपलब्ध करा दिया गया हैं। उन्होंने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मामलों से कॉलेज की प्रतिष्ठा और छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

सड़क हादसे में घायल दसवीं के छात्र ने तोड़ा दम, शनिवार को हुआ था हादसा

गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव निवासी रामजी दास के 18 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। संजीत दसवीं कक्षा का छात्र था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
शनिवार की शाम भलुहार-मटुआ मार्ग के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने संजीत को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल गुरुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को संजीत ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात बाइक सवार की पहचान तथा हादसे की जांच शुरू कर दी है।