रातभर रोशनी से जगमगाएगा महाबोधि मंदिर का गुंबद, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर डीएम सख्त
विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर की सुंदरता और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। शनिवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने महाबोधि मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाने और दिए गए निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर पालन करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर की दीवारों के रंग-रोगन, तालाबों की सफाई, शौचालयों की स्वच्छता, टूटे हुए टाइल्स की मरम्मत और परिसर में उगी झाड़ियों को हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूरे मंदिर परिसर में आकर्षक और एकरूप रंग-रोगन कराया जाए, ताकि इसकी सुंदरता और अधिक निखरे। पर्यटकों को परिसर में कहीं भी गंदगी या अव्यवस्था नजर नहीं आनी चाहिए।
डीएम ने साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि मंदिर परिसर में कूड़ा-कचरा और जलजमाव की स्थिति नहीं रहे। तालाबों, शौचालयों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई नियमित रूप से कराई जाए। साथ ही साफ-सफाई के कार्यों की लगातार निगरानी भी की जाए। उन्होंने आवश्यक स्थानों पर साइनेज लगाने का भी निर्देश दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आवागमन और अन्य सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
पूरी रात जगमगाएगा मंदिर का गुंबद
प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा के दौरान डीएम ने महाबोधि मंदिर के गुंबद पर होने वाली आकर्षक रोशनी को लेकर विशेष निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गुंबद पर की जाने वाली रोशनी की समयावधि बढ़ाई जाए और यह पूरी रात जलती रहे। इससे रात में दूर से ही मंदिर की भव्यता और सुंदरता दिखाई देगी। पर्यटन सीजन में यह व्यवस्था श्रद्धालुओं और विदेशी पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनेगी।
सीसीटीवी कैमरों की होगी लगातार मॉनिटरिंग
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि लगभग सभी कैमरे काम कर रहे हैं। इस पर उन्होंने सभी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग करने और तकनीकी खराबी आने पर तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर की सुरक्षा और निगरानी में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता सह बीटीएमसी के प्रभारी सचिव, केयरटेकर मॉन्क, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बोधगया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

