Breaking News
जिस बोधि वृक्ष के नीचे बुद्ध को मिला ज्ञान,FRI के वैज्ञानिकों की टीम ने की जांच

महाबोधि मंदिर परिसर में स्थित पवित्र बोधि वृक्ष पूरी तरह स्वस्थ है। इसकी पत्तियों में किसी तरह की बीमारी या संक्रमण के लक्षण नहीं मिले हैं। सोमवार को वन अनुसंधान संस्थान (FRI) देहरादून के वैज्ञानिकों ने बोधि वृक्ष की जांच की। जांच के बाद वैज्ञानिकों ने इसके स्वास्थ्य को संतोषजनक बताया और नियमित देखभाल के लिए कुछ जरूरी सुझाव दिए।

एफआरआई देहरादून के वैज्ञानिक डॉ. संतन बर्थवाल और डॉ. शैलेश पांडे बोधगया पहुंचे थे। दोनों वैज्ञानिकों ने महाबोधि मंदिर परिसर में बोधि वृक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पेड़ की पत्तियों और टहनियों की स्थिति देखी गई। जांच के बाद डॉ. संतन बर्थवाल ने बताया कि बोधि वृक्ष पूरी तरह स्वस्थ है। इसकी पत्तियों पर किसी तरह के संक्रमण या बीमारी का कोई लक्षण नहीं मिला है। फिलहाल पेड़ के स्वास्थ्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है।

वैज्ञानिकों ने बताया कि बोधि वृक्ष को लंबे समय तक स्वस्थ रखने के लिए नियमित देखभाल जरूरी है। इसके लिए सूखी टहनियों की छंटाई करने और जैविक कीटनाशक का छिड़काव करने का सुझाव दिया गया है। इससे पेड़ को सुरक्षित रखने और कीटों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण मंदिर के मुख्य भिक्षु भिक्खु चलिंदा और बोधि वृक्ष की देखभाल करने वाले भिक्षु भिक्खु दीनानंद की मौजूदगी में किया गया।

महाबोधि मंदिर का पवित्र बोधि वृक्ष बौद्ध धर्मावलंबियों की गहरी आस्था से जुड़ा है। मान्यता है कि इसी वृक्ष के नीचे भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। यही वजह है कि यहां हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु पहुंचते हैं और बोधि वृक्ष का दर्शन कर पूजा-अर्चना करते हैं।

बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से एफआरआई देहरादून के सहयोग से वृक्ष की नियमित जांच और देखभाल कराई जाती है। इसका उद्देश्य इस ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर को स्वस्थ रखते हुए लंबे समय तक सुरक्षित रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *