Breaking News
ऊंचाई पर बैठा प्रेमी, नीचे पुलिस और ग्रामीण… दो घंटे बाद ऐसे खत्म हुआ ड्रामा

गया के डुमरिया प्रखंड में प्रेम-प्रसंग को लेकर करीब दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बोधीबीघा थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक मेराज अहमद शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। नीचे खड़े परिजन, ग्रामीण और पुलिस उसे लगातार समझाते रहे, लेकिन वह प्रेमिका की सहमति मिलने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं था।
मेराज पचहथूर निवासी इकबाल अहमद का पुत्र बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, उसका पिछले दो-तीन वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की असहमति के कारण मामला अटका हुआ था। बताया गया कि परिवार और सामाजिक दबाव के बीच युवती शादी की बात से पीछे हट गई थी, जिससे युवक परेशान हो गया।
इसके बाद वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और शादी के लिए प्रेमिका की सहमति की मांग करने लगा। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस भी पहुंची। करीब दो घंटे तक समझाने के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। युवती की ओर से शादी के लिए सहमति की बात सामने आते ही मेराज नीचे उतर आया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। दोनों पक्षों में बातचीत चल रही है और परिस्थितियों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *