Breaking News
पत्नी ने प्रेमी संग रची दिव्यांग पति की हत्या की साजिश, 4 गिरफ्तार

गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में दिव्यांग राजदेव भारती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। ग्रामीण एसपी दिव्यांजली ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग और अवैध संबंध की कहानी सामने आई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी का राजा आलम के साथ प्रेम संबंध था और इसी संबंध के चलते पति की हत्या की साजिश रची गई।
मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी राजा आलम को रास्ते से पति को हटाने के लिए उकसाया। इसके बाद आरोपी राजा आलम ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजदेव भारती की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को छिपाने की भी कोशिश की गई, लेकिन वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया है।
ग्रामीण एसपी दिव्यांजली ने बताया कि इस मामले में अब तक रोहित कुमार, राजा आलम, मोहम्मद मुन्ना तथा मृतक की पत्नी समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गया: 2017 के चर्चित गुरारू दोहरे हत्याकांड में मां को उम्रकैद, दो मासूम बच्चों को जिंदा जलाने का दोष साबित

वर्ष 2017 के चर्चित गुरारू दोहरे हत्याकांड में प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश शशिकांत ओझा की अदालत ने अहम फैसला सुनाते हुए अभियुक्त ब्यूटी देवी को अपने दो मासूम बच्चों की हत्या का दोषी करार दिया। अदालत ने दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई तथा उस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। ब्यूटी देवी 10 फरवरी 2017 से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।

घटना 7 फरवरी 2017 की रात करीब साढ़े नौ बजे गुरारू थाना क्षेत्र में हुई थी। मृत बच्चों के दादा उदय शंकर सिंह के बयान पर गुरारू थाना में ब्यूटी देवी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोप था कि ब्यूटी देवी ने अपने दो वर्षीय पुत्र भोलू कुमार और चार वर्षीय पुत्री गुड़िया कुमारी को खाट पर सोए रहने के दौरान आग के हवाले कर दिया, जिससे दोनों बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।

प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया था कि ब्यूटी देवी का एक अन्य युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था और वह उससे लगातार संपर्क में रहती थी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान सूचना मिली कि ब्यूटी देवी घर पर नहीं है, जबकि दोनों बच्चे घर के अंदर जली हुई अवस्था में मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और मामला काफी चर्चा में रहा।
अदालत के समक्ष आठ गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए। गवाहों की गवाही एवं उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद अदालत ने ब्यूटी देवी को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

रिश्वत मांगना पड़ा भारी! गया के आईजी विकास वैभव का बड़ा एक्शन, दरोगा निलंबित; विभागीय जांच शुरू

बिहार के गया जिले में भ्रष्टाचार के आरोपों पर पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए खिजरसराय थाना कांड के तत्कालीन अनुसंधानकर्ता एसआई तेजनारायण चौबे को निलंबित कर दिया है। मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव ने रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।
आईजी कार्यालय के अनुसार, 21 मई 2026 को खिजरसराय थाना क्षेत्र के सरेया बिगहा निवासी नागा यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि खिजरसराय थाना कांड में नाम हटाने के बदले एसआई तेजनारायण चौबे ने भय और दबाव बनाकर अवैध धनराशि की मांग की। शिकायतकर्ता ने अपने दावे के समर्थन में ऑडियो रिकॉर्डिंग और पेन ड्राइव भी उपलब्ध कराई थी।
मामले की जांच अंचल पुलिस निरीक्षक, खिजरसराय से कराई गई। जांच में ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के परीक्षण के बाद प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट के आधार पर आईजी विकास वैभव ने तत्काल प्रभाव से एसआई को निलंबित कर उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, गया निर्धारित किया है।
आईजी ने स्पष्ट किया कि मगध पुलिस भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

गया में 30 फीट गहरे बोरवेल में गिरा मासूम, 7 घंटे बाद सुरक्षित निकाला गया

गया जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत कठौतिया केवाल पंचायत के रघुनाथ नगर गांव में गुरुवार शाम करीब तीन वर्षीय पीयूष कुमार (पिता–दिनेश कुमार) खेलते-खेलते लगभग 30 से 35 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रशासन ने तत्काल बोरवेल में पाइप के माध्यम से ऑक्सीजन की व्यवस्था कराई, ताकि बच्चे को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती रहे। वहीं पटना से एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम और एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से रेस्क्यू अभियान में जुट गई। करीब सात घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन के दौरान प्रशासन, आपदा राहत बल और स्थानीय लोगों के समन्वय से आखिरकार मासूम पीयूष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के सकुशल बाहर आते ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों और परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने प्रशासन व रेस्क्यू टीम का आभार जताया।

गया में बड़ा हादसा: 30 फीट गहरे बोरवेल में फंसा 3 वर्षीय बच्चा, ऑपरेशन रेस्क्यू जारी

गया जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत गुरपा थाना क्षेत्र के रंगून नगर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेलते-खेलते एक 3 वर्षीय मासूम बच्चा करीब 30 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घटना की जानकारी के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
गुरपा थाना पुलिस तथा बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे है। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बचाव दल बोरवेल के आसपास आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करते हुए पाइप से ऑक्सीजन की मदद से बच्चे तक पहुंचाया गया है।
घटना के बाद बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी लगातार घटनास्थल पर मौजूद रहकर रेस्क्यू टीम का सहयोग कर रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है। समाचार लिखे जाने तक मासूम को बाहर निकालने का प्रयास जारी है।

गया में भाजपा स्टीकर लगी थार का कहर: स्कूटी और टोटो को मारी टक्कर, 3 घायल; गुस्साई भीड़ ने वाहन में की तोड़फोड़

शहर के जयप्रकाश झरना के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार थार वाहन ने पहले स्कूटी सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, इसके बाद अनियंत्रित होकर एक टोटो से भी जा भिड़ी। हादसे में स्कूटी सवार दो लोग और टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद मौके पर आक्रोशित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने भाजपा का स्टीकर लगी थार के शीशे तोड़कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन डीएसपी, सिविल लाइन थाना पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। हंगामे के कारण कुछ देर के लिए मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त थार को सिविल लाइन थाना पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना का वक्त का स्थानीय लोगो के द्वारा मोबाइल में वीडियो बनाया।जिसमे दिख रहा है कि वाहन कोई महिला चला रही थी।जो आयुष कुमार की गर्लफ्रेंड बताई जा रही है।घटना के बाद सड़क पर घायलों को स्थानीय लोगो के द्वारा इलाज के लिए भेजा गया।

सोशल मीडिया पर ‘भौकाल’ दिखाना पड़ा भारी, हथियार के साथ फोटो-वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर भौकाल बनाने वाले एक युवक को गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एसटीएफ से सूचना मिली कि एक युवक हथियार के साथ अपनी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद बोधगया थाना पुलिस और एसटीएफ ने टेकुना फार्म के पास छापेमारी की। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र के बासापिपरा गांव निवासी बेलू पासवान उर्फ धीरज पासवान के रूप में हुई। पूछताछ में उसने वायरल फोटो और वीडियो में दिख रहे अवैध हथियार को अपने पास रखना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर बगदाहा जाने वाली सड़क किनारे झाड़ी से काले प्लास्टिक में छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने वीडियो में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने और लोगों में डर पैदा करने के लिए उसने हथियार के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। इस मामले में बोधगया थाना में कांड संख्या 448/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति में फर्जी टीटीई बनकर घूम रहा था युवक, गया में खुली पोल

गया रेलवे जंक्शन पर RPF की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में फर्जी टीटीई बनकर यात्रा कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर यात्रियों और रेलवे अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। उसके पास से टीटीई का फर्जी रेलवे पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। मामले में जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीडीयू रेलवे सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 12329 अप वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एसी कोच में मुख्य टिकट निरीक्षक विनोद कुमार ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है, जो खुद को टीटीई बता रहा था। सूचना मिलते ही ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
आरपीएफ पोस्ट गया के उप निरीक्षक इंद्र कुमार ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपनी पहचान अमर कुमार (35 वर्ष), पिता शंभू प्रसाद, निवासी बेला गांव, थाना लक्ष्मीपुर, जिला जमुई के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से टीटीई का फर्जी पहचान पत्र बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि वह बिना वैध टिकट एसी कोच में यात्रा कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी फर्जी रेलवे कर्मचारी बनकर यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को धोखा देने की कोशिश कर रहा था। हालांकि उसने यात्रियों से पैसे वसूले थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे की विश्वसनीयता के लिए गंभीर चुनौती हैं।
आरपीएफ ने आरोपी को जीआरपी गया के हवाले कर दिया। गया रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जबलपुर की 14.87 किलो सोना लूट का गया कनेक्शन! एमपी पुलिस ने ज्वेलरी दुकानों में खंगाले रिकॉर्ड, एक युवक हिरासत में

मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुई करीब 14.87 किलोग्राम सोने की चर्चित बैंक लूट की जांच अब बिहार के गया जिले तक पहुंच गई है। लूटे गए सोने की तलाश में मध्य प्रदेश पुलिस की विशेष टीम गुरुआ प्रखंड में डेरा डाले हुए है। टीम ने कई ज्वेलरी दुकानों पर पहुंचकर खरीद-बिक्री के रजिस्टर, बिल, स्टॉक रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की। साथ ही कारोबारियों से भी सोने के लेन-देन को लेकर पूछताछ की गई।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि जबलपुर से लूटा गया सोना बिहार के रास्ते विभिन्न क्षेत्रों में खपाने की कोशिश की गई हो सकती है। इसी इनपुट के आधार पर गुरुआ और आसपास के इलाकों में जांच का दायरा बढ़ाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं लूट का सोना स्थानीय बाजार तक तो नहीं पहुंचा।
इस मामले में पहले बिहार एसटीएफ ने गया से बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से तीन किलोग्राम से अधिक सोना बरामद किया गया था। उसी कार्रवाई से मिले नए सुरागों के आधार पर अब मध्य प्रदेश पुलिस फिर से गया पहुंची है।

सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि उसकी भूमिका को लेकर पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

स्कूल जा रहे छठी कक्षा के छात्र की वज्रपात से मौत, गांव में मातम

गया जिले के शेरघाटी प्रखंड के बेलडीह गांव में आकाशीय बिजली गिरने से छठी कक्षा के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बेलडीह गांव निवासी राजेश यादव के पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों के अनुसार अंकुश सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। बारिश से बचने के लिए वह एक घर के दरवाजे पर खड़ा हो गया। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

Oplus_131072